जम्मू । खुशनुमा मौसम में 11 हजार से अधिक श्रद्धलुओं ने पवित्र गुफा में शुक्रवार को बाबा बर्फानी के दर्शन किए। इसमें ज्यादा संख्या बालटाल मार्ग से पहुंचे श्रद्धालुओं की रही। इससे पहले जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से तीसरे जत्थे में 6440 शिवभक्त कश्मीर के लिए रवाना हुए। उधर देर रात पहाड़ों पर बारिश होने से बरारी मार्ग पर दो पुलों पर अचानक पानी बढ़ गया। इसमें फंसे यात्रियों को जम्मू कश्मीर पुलिस ने मदद कर दूसरी ओर पहुंचाया। अमरनाथ यात्रियों का मौसम पूरा साथ दे रहा है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तीसरे जत्थे के श्रद्धालु देर शाम बालटाल और पहलगाम आधार शिविरों में पहुंच गए थे। श्री अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू में रोजाना देशभर से पांच से छह हजार श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। जम्मू से भेजे गए तीसरे जत्थे में बालटाल रूट के लिए 1561 पुरुष, 636 महिलाएं, 43 बच्चे, 63 साधु और 6 साध्वियों के साथ कुल 2309 यात्री 111 हल्के और भारी वाहनों में भेजे गए। इसी तरह पहलगाम रूट के लिए 3208 पुरुष, 799 महिलाएं, 12 बच्चे, 103 साधु, 8 साध्वियां और एक किन्नर श्रद्धालु 153 हल्के और भारी वाहनों में कश्मीर के लिए भेजे गए। जत्थे का राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के लिए जलपान और खानपान की व्यवस्था की गई है। रेलवे स्टेशन के पास सरस्वती धाम में तत्काल पंजीकरण के लिए टोकन पाने को रात से ही श्रद्धालु केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। सुबह टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जाती है।
अमरनाथ यात्रा मार्ग पर जा रहे श्रद्धालुओं की मदद करने में जम्मू-कश्मीर पुलिस का बचाव दल पूरी सजगता से लगा हुआ है। दल ने बरारी मार्ग पर दो पुलों पर आ गए बारिश के पानी के बीच से गुजरने में यात्रियों की मदद कर उन्हें दूसरी ओर पहुंचाया। पहाड़ों पर हुई बारिश के कारण इन पुलों पर पानी आ गया था जिसका बहाव काफी तेज था।